इरशाद आलम, परासिया/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
नगर पालिका के गलियारों में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार की परतें खुलने लगी हैं। क्षेत्र के प्रखर समाजसेवी एवं जागरूक नागरिक रिंकू रितेश चौरसिया ने नगर पालिका अध्यक्ष विनोद मालवीय पर 5% कमीशन मांगने का गंभीर आरोप लगाया है। इस आरोप के साथ उन्होंने ऑडियो-वीडियो सहित पुख्ता साक्ष्य सार्वजनिक किए, जिसके बाद राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया है।
साक्ष्यों के साथ पहुँची शिकायत
रिंकू चौरसिया ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, लोकायुक्त एवं नगरीय प्रशासन को भेजी गई लिखित शिकायत में वॉयस रिकॉर्डिंग, वीडियो और समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों की प्रतियां संलग्न की हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल इन साक्ष्यों में कथित तौर पर कमीशन की बातचीत होने का दावा किया गया है, जिसने नपा प्रशासन के पारदर्शिता दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
समाजसेवी का बयान
रिंकू चौरसिया ने कहा—
“जनता की गाढ़ी कमाई और विकास कार्यों के पैसों पर डाका डालने वालों को अब बख्शा नहीं जाएगा। मेरे पास ऐसे प्रमाण हैं जो सच बताने के लिए काफी हैं। दोषियों को सलाखों के पीछे होना चाहिए — यह लड़ाई न्याय मिलने तक जारी रहेगी।”
नगर में हड़कंप
इस खुलासे के बाद परासिया में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। जहाँ एक ओर आम जनता भ्रष्टाचार के खिलाफ आक्रोशित है, वहीं साक्ष्य सामने आने के बाद कई जिम्मेदार लोग बचाव की स्थिति में नजर आ रहे हैं। मामला अब निर्णायक मोड़ पर पहुँच चुका है और माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में नगर पालिका प्रशासन में बड़ी कार्रवाई हो सकती है।
