अमेरिका से बहन की शादी में आए युवक से लूट: चार आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद की चांदी की चेनें | New India Times

इदरीस मंसूरी, ब्यूरो चीफ, गुना (मप्र), NIT:

शांति पब्लिक स्कूल के पास 25 दिसंबर की रात अमेरिका से अपनी बहन की शादी में आए युवक के साथ हुई लूट और मारपीट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई चांदी की चेनें भी बरामद कर ली हैं।

यह वही घटना है, जिसमें दुर्गा कॉलोनी निवासी फरियादी तरुण राठौर को आठ–दस बदमाशों ने घेरकर मारपीट की थी और उससे नकदी के साथ चांदी की चेनें लूट ली थीं। तरुण अमेरिका की एक निजी कंपनी में नौकरी करता है और अपनी बहन की शादी में शामिल होने के लिए गुना आया था।

पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन रात करीब 8:30 बजे तरुण शांति पब्लिक स्कूल के पास से घर लौट रहा था। तभी कुछ युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया और उसे खेत की ओर ले जाकर बेरहमी से पीटा।

सिर में गंभीर चोट आने पर तरुण को उसके दोस्त की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपियों ने दो चांदी की चेन और करीब पाँच हजार रुपये नकद लूट लिए। साथ ही यूपीआई के जरिए पैसे ट्रांसफर कराने की कोशिश भी की, लेकिन तकनीकी कारणों से ट्रांजैक्शन फेल हो गया।

एफआईआर दर्ज होने के बाद कोतवाली पुलिस ने तीन टीमें बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू की और सूरज बरार, प्रमोद यादव, बलराम धाकड़ और दीपक नामदेव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से लूटी गई चेनें भी बरामद की हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी सूरज बरार के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं, जिसके चलते इस वारदात के गिरोह से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।

गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर पुलिस ने पूछताछ और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि यह “जुलूस” नहीं, बल्कि जांच-प्रक्रिया का हिस्सा था। मामले की जांच जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version