इदरीस मंसूरी, ब्यूरो चीफ, गुना (मप्र), NIT:
स्मृति वन में पीजी कॉलेज के लगभग 200 छात्र-छात्राओं के लिए औषधीय पौधों एवं पर्यावरण संरक्षण पर आधारित एक दिवसीय शैक्षणिक प्रोजेक्ट का सफल आयोजन किया गया। प्रो. मनोज भदौरिया की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में प्रो. ओ.पी. अग्रवाल, डॉ. पुष्पराग और हरिओम शर्मा ने मुख्य प्रशिक्षक के रूप में छात्रों का मार्गदर्शन किया।
प्रशिक्षकों ने छात्रों को एलोवेरा, तुलसी, गिलोय, अश्वगंधा और ब्राह्मी जैसे औषधीय पौधों की पहचान कराते हुए उनके चिकित्सकीय गुणों की जानकारी दी। वक्ताओं ने जल संरक्षण, वायु प्रदूषण की रोकथाम और वनों की सुरक्षा पर विशेष बल देते हुए बताया कि किस तरह पर्वतीय क्षेत्रों में पेड़ों की कटाई भूस्खलन और पारिस्थितिकी असंतुलन का कारण बन रही है।
इस दौरान छात्रों को जल चक्र में जंगलों के योगदान और जैव विविधता बचाने के तरीकों के प्रति जागरूक किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य युवा पीढ़ी को प्रकृति से जोड़कर पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
