इदरीस मंसूरी, गुना (मप्र), NIT:
पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी के संवेदनशील एवं सशक्त नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में अवैध गतिविधियों और तस्करों के विरुद्ध सतत एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन तथा सीएसपी गुना श्रीमती प्रियंका मिश्रा के पर्यवेक्षण में कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव और उनकी टीम ने अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया और तस्करी में प्रयुक्त कार सहित शराब जब्त की।
दिनांक 25 दिसंबर 2025 की रात कैंट थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम इमझरा की ओर से टियागो कार (क्रमांक MP 39 C 2514) में दो व्यक्ति अवैध देशी शराब लेकर गुना आ रहे हैं। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम इमझरा रोड पुलिया पर पहुंची और घात लगाकर कार का इंतजार किया। कार रोकने के प्रयास के दौरान एक व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि कार चालक को पुलिस ने पकड़ लिया। उसने अपना नाम संदीप पुत्र सुरेश जाट, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम चौरोल थाना कैंट गुना बताया।
कार की तलाशी लेने पर डिग्गी से देशी शराब की 8 पेटियां बरामद हुईं। शराब के रखने और परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। यह कृत्य आबकारी अधिनियम के अंतर्गत अपराध पाए जाने पर 8 पेटियां (कुल 400 क्वॉर्टर — 72 लीटर, कीमत लगभग 40,000 रुपये) तथा तस्करी में प्रयुक्त टाटा टियागो कार (कीमत लगभग 4.50 लाख रुपये) सहित कुल 4,90,000 रुपये का माल विधिवत जप्त किया गया और आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह उक्त शराब अशोकनगर से खरीदकर गुना में बेचने के लिए ला रहा था। फरार साथी का नाम ‘अइया जाट’ निवासी ग्राम रिछैरा बताया गया। दोनों के विरुद्ध कैंट थाना में अपराध क्रमांक 1132/25, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम एवं 49 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
गुना पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब का कारोबार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अवैध गतिविधियों के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति सख्ती से लागू की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक दीपेंद्र परिहार, लक्ष्मीनारायण पारस, आरक्षक मयंक गोस्वामी, गौरव देवलिया एवं सूर्यभान जाट की सराहनीय भूमिका रही।
