मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
शहर ए अज़ीज़ बुरहानपुर के साहित्यिक एवं शैक्षणिक जगत के लिए प्रफुल्लित करने वाला समाचार है कि बुरहानपुर के प्रतिष्ठित एवं प्रसिद्ध हाजी शीस मोहम्मद पहलवान खानदान की सुपुत्री तथा लोहार मंडी के पूर्व कॉरपोरेटर मरहूम सिद्दीक़ अकबर खानदान की बहू,सात महत्वपूर्ण साहित्यिक कृतियों की रचनाकार डॉ. शबाना निकहत अंसारी को भोपाल में सम्मानित किया जाएगा। श्रीमती अंसारी वर्तमान में वे सरोजिनी नायडू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय, भोपाल में उर्दू विभागाध्यक्ष के रूप में सेवाएं दे रहीं हैं।
डॉ.शबाना निकहत अंसारी को उनकी शिक्षण, शोध, आलोचनात्मक लेखन तथा क्षेत्रीय साहित्य के संरक्षण और विकास में ऐतिहासिक योगदान के लिए भोपाल की प्रसिद्ध मेघना शिक्षण सामाजिक कल्याण समिति (पंजीकृत) द्वारा सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है। यह सम्मान उक्त संस्था द्वारा आयोजित भव्य वार्षिक समारोह में 25 दिसंबर 2025 को प्रातः 11 बजे भोपाल में प्रदान किया जाएगा।
इस सम्मान की घोषणा के बाद बुरहानपुर के साहित्यिक, सामाजिक और शैक्षणिक क्षेत्रों में हर्ष और उल्लास का वातावरण है। बुरहानपुर की अनेक साहित्यिक एवं सामाजिक संगठनों ने डॉ. शबाना निकहत अंसारी को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए बधाइयां और मंगलकामनाएं प्रेषित की हैं।
