गणेश मौर्या, ब्यूरो चीफ, अंबेडकर नगर (यूपी), NIT:
अंबेडकर नगर में पिता और सगे भाई की निर्मम हत्या कर फरार हुआ आरोपी आखिरकार क़ानून की पकड़ से नहीं बच सका। करीब 30 महीने बाद पुलिस ने डबल मर्डर के आरोपी रवि सोनी को गिरफ्तार कर लिया है।
पूरा मामला 2 अगस्त 2023 का है। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शहजादपुर में रहने वाले ज्वैलरी शोरूम मालिक कृष्ण सेठ (60 वर्ष) और उनके बड़े बेटे आनंद सोनी की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना में आरोपी कोई और नहीं बल्कि उनका छोटा बेटा रवि सोनी ही निकला। आरोपी ने अपनी मां सुनीता पर भी जानलेवा हमला किया था, हालांकि वह किसी तरह बच गई थीं।
घटना के बाद से ही रवि सोनी फरार था। पुलिस की जांच टीम, एसओजी और सर्विलांस यूनिट लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। लंबे समय तक आरोपी का कोई सुराग न मिलने के कारण लोगों में यह चर्चा आम हो गई थी कि शायद उसने आत्महत्या कर ली होगी।
लेकिन 21 दिसंबर 2025 की देर रात करीब 11:10 बजे, संयुक्त पुलिस टीम ने उसे गोहन्ना बाइपास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी की खबर शहर में आग की तरह फैल गई और लोग हैरान रह गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए उस समय अयोध्या रेंज के डीआईजी स्वयं मौके पर पहुंचे थे और पूरे मामले की जानकारी ली थी। बताया गया कि परिवार में काफी समय से संपत्ति विवाद चल रहा था, जिसको लेकर कई बार थाने में शिकायत भी की गई थी, लेकिन किसी को अंदेशा नहीं था कि मामला इस हद तक पहुंच जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी रवि सोनी के खिलाफ मु0अ0सं0 448/23 के तहत धारा 147, 148, 149, 307, 302, 34 IPC में मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में अकबरपुर कोतवाली प्रभारी श्रीनिवास पांडे, स्वाट प्रभारी संजय कुमार पांडे, उप निरीक्षक विनोद यादव सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।
