पिता की मौत के बाद बेटियों को बिजली विभाग ने भेजा ₹63,774 का बिल | New India Times

जमशेद आलम, ब्यूरो चीफ, भोपाल (मप्र), NIT:

https://www.newindiatimes.net/wp-content/uploads/2025/12/VID-20251222-WA0100.mp4
New India Times

भोपाल के अशोका गार्डन क्षेत्र में बिजली विभाग का कथित अमानवीय चेहरा सामने आया है। यहाँ पिता की मृत्यु के कई वर्ष बाद बिजली विभाग ने उनकी बेटियों को ₹63,774 का बिजली बिल (चालान) भेज दिया, जिससे पीड़ित परिवार सदमे में है।

जानकारी के अनुसार, वर्ष 2009 से पट्टे के मकान में बिजली का मीटर यूसुफ़ ख़ान के नाम से लगा हुआ था। वर्ष 2021 में यूसुफ़ ख़ान की मृत्यु हो गई। इसके बाद उनकी 23 वर्षीय बेटी रेशमा ख़ान अपनी तीन छोटी बहनों के साथ घर के एक कोने में छोटी सी किराने की दुकान चलाकर जैसे-तैसे जीवन यापन कर रही है।

वर्ष 2025 में अचानक भारी भरकम बिजली बिल मिलने से परिवार की चिंता बढ़ गई, जिसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत की।

पीड़ित परिवार का कहना है कि मकान यूसुफ़ ख़ान की बेटी अफ़साना ख़ान के नाम पर दर्ज है और बिजली विभाग ने बिना किसी वैध सत्यापन के मृत व्यक्ति के नाम पर मीटर लगा रखा था। इसके बावजूद विभाग द्वारा बिल जमा करने का दबाव बनाया गया।

इतना ही नहीं, मकान के ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन लाइन की चपेट में आने से अजमत नामक युवक की मौत हो चुकी है, लेकिन उस मामले में भी बिजली विभाग द्वारा पीड़ित पक्ष के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।

किसी भी स्तर पर सुनवाई नहीं होने के बाद पीड़ित परिवार कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला के साथ सोमवार को ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के बंगले पहुँचा और सभी दस्तावेज प्रस्तुत किए।

मनोज शुक्ला ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग ने बिना वेरिफिकेशन मृतक यूसुफ़ ख़ान के नाम पर मीटर जारी रखा, जबकि मकान उनकी बेटी अफ़साना ख़ान के नाम पर दर्ज है, ऐसे में परिवार इस बिल का भुगतान करने के लिए उत्तरदायी नहीं है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सीएम हेल्पलाइन में शिकायत करने के बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों ने कमर्शियल कनेक्शन लेने का दबाव बनाया, बिल जमा न करने पर कनेक्शन काटने और शिकायत वापस लेने की धमकी दी, जिससे परिवार भयभीत हो गया।

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। मनोज शुक्ला ने कहा कि यदि बिजली विभाग के पास मृतक यूसुफ़ ख़ान से संबंधित कोई वैध रिकॉर्ड मौजूद है, तो वे स्वयं पूरा बिल जमा करेंगे। साथ ही चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला, तो जल्द ही ऊर्जा मंत्री के बंगले का घेराव किया जाएगा।

इस अवसर पर रविशंकर मिश्रा, तारिक अली, दीपक दीवान, युवराज सिंह राय, विजेंद्र शुक्ला, मुजाहिद सिद्दीकी, अहमद ख़ान, अमजद लाला, शानू ख़ान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version