मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

बुरहानपुर विधानसभा क्षेत्र के शाहपुर नगर को कुल 1 करोड़ 89 लाख रुपए की लागत से विभिन्न बहुप्रतीक्षित विकास कार्यों की सौगात मिली है। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस ने इन कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया तथा कई पूर्ण कार्यों को नगरवासियों को समर्पित किया।
इस अवसर पर श्रीमती चिटनिस ने बताया कि शाहपुर नगर में वर्तमान में 101 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से अनेक विकास कार्य प्रगतिरत हैं, जो नगर को एक आधुनिक, सुव्यवस्थित एवं नागरिक-केंद्रित शहर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
68 लाख की लागत से शाहपुर–बख्खारी मार्ग का निर्माण
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने शाहपुर नगर से ग्राम बख्खारी तक बनने वाली सड़क का भूमिपूजन किया। लगभग 68 लाख रुपए की लागत से बनने वाली यह सड़क नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के बीच संपर्क को सुदृढ़ करेगी। इससे विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
1 करोड़ 21 लाख के कार्य जन-उपयोग हेतु समर्पित
विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस ने वार्ड क्रमांक 11 स्वामी समर्थ नगर में 1 करोड़ 21 लाख रुपए की लागत से किए गए विभिन्न विकास कार्यों को जन-उपयोग हेतु समर्पित किया। इनमें 19 लाख रुपए की लागत से नाली निर्माण तथा 82 लाख रुपए की लागत से दो नवीन सीमेंट सड़कें शामिल हैं।
इनमें 42.37 लाख रुपए की लागत से स्वामी समर्थ नगर में सीमेंट सड़क तथा 39.88 लाख रुपए की लागत से छत्रपति शिवाजी महाराज प्रतिमा से श्री स्वामी समर्थ मंदिर तक सड़क का निर्माण किया गया है। इसके अतिरिक्त नगर के विभिन्न हिस्सों में 20 लाख रुपए के जलप्रदाय कार्यों से नागरिकों को निर्बाध पेयजल सुविधा मिलेगी।
श्रीमती चिटनिस ने कहा कि शाहपुर नगर का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बुनियादी ढांचे, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को निरंतर सशक्त बना रही है।
उन्होंने ‘प्लास्टिक मुक्त शाहपुर नगर’ अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल नगर को स्वच्छ, हरित एवं सुंदर बनाने में अहम भूमिका निभा रही है।
नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती साधना वीरेंद्र तिवारी ने नगरवासियों से स्वच्छता, हरियाली एवं विकास अभियानों में सक्रिय सहभागिता की अपील की। कार्यक्रम में नगरवासियों ने विधायक अर्चना चिटनिस एवं जनप्रतिनिधियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।
