पीपीगंज सभासद ने जिलाधिकारी से की रोड निर्माण, अलाव व्यवस्था और बोर्ड बैठक की मांग | New India Times

शमसुद्दोहा, ब्यूरो चीफ, गोरखपुर (यूपी), NIT:

नगर पंचायत पीपीगंज के वरिष्ठ सभासद एडवोकेट रामानंद दाढ़ी वाले ने बुधवार को जिलाधिकारी दीपक मीणा से मिलकर नगर पंचायत पीपीगंज के हनुमत नगर वार्ड नंबर 2 में निर्माण कार्य और अलाव की व्यवस्था को लेकर चर्चा की।
सभासद ने बताया कि विगत एक वर्ष से ठेकेदार द्वारा रोड को तोड़कर छोड़ दिया गया है, जिससे आम जनता को आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रभावित स्थानों में श्री राकेश गिरी के मकान से पिच रोड तक और श्रीमती शांति सिंह के मकान से ट्रांसफार्मर तक सड़क शामिल है। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है।

सभासद ने मांग की कि यदि तत्काल प्रभाव से निर्माण कार्य नहीं कराया गया, तो ठेकेदार को नोटिस देकर ब्लैकलिस्ट किया जाए।

इसके अलावा उन्होंने कहा कि नगर में अलाव की व्यवस्था नहीं होने के कारण ठंड और शीतलहर में जनता को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सभी प्रमुख स्थानों और मोहल्लों में अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।

साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि विगत तीन माह से अधिक समय में बोर्ड की बैठक नहीं बुलाई गई, जिससे वे अपने वार्ड की जन समस्याओं को प्रशासन के समक्ष नहीं रख पा रहे हैं।

जिलाधिकारी दीपक मीणा ने आश्वासन दिया कि जनता की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article

Exit mobile version