मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
छात्र-छात्राओं की सुरक्षा एवं भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने स्कूल और कॉलेजों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने कहा कि स्कूल–कॉलेज के बाहर किसी भी प्रकार के असामाजिक तत्व नजर नहीं आने चाहिए। ऐसे तत्वों में पुलिस का भय बना रहना आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में स्कूल–कॉलेज की छुट्टी के समय स्वयं मौके पर मौजूद रहकर चेकिंग करें।
निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि कुछ स्थानों पर ठेले या दुकानों के पास कुछ लोग बहाने से खड़े रहते हैं। ऐसे मामलों पर तत्काल रोक लगाई जाएगी। इसके अलावा जो लोग विशेष रूप से छुट्टी के समय स्कूल–कॉलेज के आसपास घूमते पाए जाएंगे, उन पर कड़ी निगरानी रखते हुए सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि छात्राओं की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।
