मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा एक कार्यक्रम के दौरान आयुष चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र प्रदान करते समय मुस्लिम समाज की एक महिला डॉक्टर के हिजाब के साथ किए गए कथित अपमानजनक व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना की देशभर में निंदा और आलोचना की जा रही है।
इस मामले को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी (अल्पसंख्यक विभाग) बुरहानपुर द्वारा महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन एसडीएम बुरहानपुर के माध्यम से सौंपा गया। ज्ञापन जिला अल्पसंख्यक कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. इमरान खान के नेतृत्व में तथा जिला कांग्रेस अध्यक्ष रिंकू टांक की उपस्थिति में दिया गया।
ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने वालों में प्रमुख रूप से जिला कांग्रेस अध्यक्ष हर्ष रिंकू टांक, जिला कांग्रेस कमेटी बुरहानपुर के प्रवक्ता एवं अधिवक्ता निखिल मधुसूदन खंडेलवाल, बुनकर कांग्रेस प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सलीम भाई कॉटन वाला, कांग्रेस नेता शैली कीर, लालबाग से पार्षद प्रतिनिधि मोहम्मद हफीज मंसूरी, दाउदपुर पार्षद प्रतिनिधि हमीद उल्लाह खान डायमंड, मोमिनपुरा पार्षद प्रतिनिधि जहीर अब्बास मोमिन, नफीस खान सहित अन्य कांग्रेसजन शामिल रहे।
ज्ञापन का वाचन अल्पसंख्यक कांग्रेस के वरिष्ठ एवं बेबाक नेता डॉ. फरीद क़ाज़ी द्वारा किया गया। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि दिनांक 15 दिसंबर को एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा एक मुस्लिम महिला चिकित्सक के हिजाब को लेकर किया गया व्यवहार अत्यंत निंदनीय है।
वायरल वीडियो में महिला का सार्वजनिक रूप से अपमान होता हुआ प्रतीत हो रहा है, जिससे मुख्यमंत्री की महिला विरोधी एवं हिजाब विरोधी मानसिकता उजागर होती है।
अल्पसंख्यक कांग्रेस का कहना है कि इस वीडियो को देखने के बाद देशभर में लोगों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए उनके इस्तीफे तथा देश की महिलाओं से माफी मांगने की मांग की है।
अतः अल्पसंख्यक कांग्रेस एवं बुरहानपुर के नागरिकों ने महामहिम राष्ट्रपति से मांग की है कि इस गंभीर मामले को संज्ञान में लेते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से इस्तीफा लिया जाए तथा वे संबंधित महिला चिकित्सक, मुस्लिम समाज और देश की समस्त बहन-बेटियों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष रिंकू टांक, अल्पसंख्यक कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. फरीद क़ाज़ी, जिला अल्पसंख्यक कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. इमरान खान, शैली कीर, सलीम भाई कॉटन वाला, अकील औलिया, जहीर अब्बास मोमिन, मुज्जू मीर सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
