कलेक्टर भिण्ड की सख्त हिदायत: निर्माण कार्यों में गुणवत्ता व पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं | New India Times

आशिफ शाह, ब्यूरो चीफ भिंड (मप्र), NIT:

कलेक्टर भिण्ड की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार भिण्ड में निर्माण विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग, हाउसिंग बोर्ड, एमपीआरडीसी तथा पीआईयू विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी लंबित निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण किया जाए। भू-अर्जन की प्रक्रिया में राजस्व विभाग के साथ पूर्ण समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि लक्ष्य आधारित कार्यप्रणाली अपनाई जाए और समय-समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए, क्योंकि भुगतान में देरी से कार्यों की गति प्रभावित होती है, जो स्वीकार्य नहीं है।

कलेक्टर ने बजट के अनुरूप निर्माण कार्य कराने तथा प्रत्येक स्तर पर पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। विशेष रूप से सड़क निर्माण कार्यों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़कों की लंबाई एवं चौड़ाई निर्धारित मानकों के अनुरूप होनी चाहिए और गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि राजस्व संबंधी या भूमि विवादों के कारण कोई भी शासकीय निर्माण कार्य बाधित नहीं होना चाहिए। सभी निर्माण कार्य नियमानुसार, पूर्ण गुणवत्ता एवं पारदर्शिता के साथ समय पर पूर्ण किए जाएं, ताकि कोई भी कार्य शिकायत का कारण न बने।

बैठक के दौरान अधिकारियों द्वारा विभिन्न निर्माण परियोजनाओं की जानकारी प्रस्तुत की गई, जिसमें सड़क निर्माण, आवासीय योजनाएं तथा अन्य आधारभूत संरचना से संबंधित कार्य शामिल रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version