मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
बिजली विभाग की लापरवाही से जुन्नारदेव नगर क्षेत्र में आमजन त्रस्त है। पिछले 3–4 दिनों से लगातार हो रही अघोषित विद्युत कटौती के कारण नागरिकों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। बिना किसी पूर्व सूचना के घंटों तक बिजली गुल रहने से जहां छात्र पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं, वहीं व्यापारी एवं छोटे-लघु उद्योगों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
इस गंभीर स्थिति के विरोध में पार्षद प्रमोद बंदेवार (वार्ड क्रमांक 8) एवं पार्षद राजेन्द्र सूर्यवंशी (वार्ड क्रमांक 12) ने व्यक्तिगत रूप से कार्यपालन यंत्री, मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, जुन्नारदेव से मुलाकात कर पत्र सौंपते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया।
पार्षदों ने पत्र में स्पष्ट किया कि बिना सूचना की जा रही बिजली कटौती से आमजन की दैनिक दिनचर्या प्रभावित हो रही है। इससे छात्रों की पढ़ाई बाधित हो रही है और व्यापारियों की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है, जो पूरी तरह अस्वीकार्य है।
पार्षदों ने विद्युत विभाग से मांग की कि:
• नगर क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाई जाए।
• यदि मेंटेनेंस के कारण बिजली बंद करना आवश्यक हो, तो उसका निश्चित समय पूर्व से घोषित किया जाए।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो जनआक्रोश बढ़ेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।
नगरवासियों ने भी पार्षदों की इस पहल का समर्थन करते हुए शीघ्र समाधान की मांग की है। इस अवसर पर विपिन बिंदवारी, धनु लाल नामदेव, अखिलेश अमरवंशी एवं राजेश नागवंशी उपस्थित रहे।
