गौशाला निर्माण में लापरवाही पर सख्त रुख: सहयोग न करने वाले ग्राम प्रधानों की पावर होगी सीज: डीएम | New India Times

मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

गौशाला निर्माण में लापरवाही पर सख्त रुख: सहयोग न करने वाले ग्राम प्रधानों की पावर होगी सीज: डीएम | New India Times

जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जिला स्वच्छता समिति एवं स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा बैठक विकास भवन सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधानों की लंबित जांच एवं कार्रवाई संबंधी प्रकरणों, गौ-संरक्षण, चारागाह, पशुपालन विभाग की विभिन्न योजनाओं, मनरेगा, अन्नपूर्णा भवन एवं आंगनवाड़ी कायाकल्प कार्यों की समीक्षा की।

स्वच्छ भारत मिशन के कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने समस्त खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने विकासखंड से एक-एक गांव का चयन कर उसे मॉडल गांव बनाया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मॉडल गांव में अनिवार्य रूप से कूड़ा गाड़ी द्वारा घर-घर कूड़ा कलेक्शन किया जाए तथा प्रत्येक परिवार से ₹50 प्रति माह यूजर चार्ज लिया जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि इस कार्य में लापरवाही बरतने वाले ग्राम सचिवों को निलंबित किया जाए। साथ ही खराब सामुदायिक शौचालयों की मरम्मत कराकर एक सप्ताह के भीतर अंदर और बाहर की फोटो उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।

गौशालाओं के निर्माण, क्षमता वृद्धि एवं चारागाह की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि निराश्रित गोवंशों को पकड़कर गौशालाओं में संरक्षित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गौशाला निर्माण में सहयोग न करने वाले ग्राम प्रधानों की पावर सीज की जाएगी।

खंड विकास अधिकारी जैतीपुर क्षेत्र में गौशाला विस्तार की स्थिति संतोषजनक न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित बीडीओ को प्रतिकूल प्रविष्टि देने तथा सचिव से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए।

सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि एक सप्ताह के भीतर गौशालाओं के विस्तार का कार्य पूर्ण किया जाए तथा गौशालाओं में ठंड से बचाव की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह, परियोजना निदेशक अवधेश राम, जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version