वाहन चालकों से वसूली करता दिखा पुलिस जवान, सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ वायरल | New India Times

अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:

https://www.newindiatimes.net/wp-content/uploads/2025/12/VID-20251214-WA0042.mp4

भोपाल में एक बार फिर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। टीटी नगर थाना क्षेत्र के माता मंदिर के पास एक पुलिस जवान बिना बैरिकेड और बिना चालान मशीन के अकेले ही आम जनता से वसूली करता नजर आया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि पुलिस जवान नियमों को ताक पर रखकर वाहन चालकों को रोक रहा है और बिना किसी वैधानिक प्रक्रिया के कार्रवाई करता दिखाई दे रहा है। न तो मौके पर कोई बैरिकेडिंग है और न ही चालान काटने की आधिकारिक मशीन, इसके बावजूद जवान द्वारा लोगों से पैसे वसूले जाने के आरोप लग रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रैफिक नियमों के नाम पर इस तरह की कार्रवाई से आम जनता परेशान है। नियमों के अनुसार चालान की प्रक्रिया पूरी टीम, उचित पहचान और चालान मशीन के माध्यम से की जानी चाहिए, लेकिन यहां इन सभी नियमों की अनदेखी होती नजर आ रही है।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद अब पुलिस विभाग की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। लोग पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और संबंधित जवान पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब देखना यह होगा कि वायरल वीडियो को संज्ञान में लेकर पुलिस प्रशासन क्या कदम उठाता है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article

Exit mobile version