रायसेन: सीएम राइज़-2 स्कूल में प्रेरणा और कौमी एकता का अनूठा संगम, जूनियर अन्नू कपूर ने दिया देशभक्ति का संदेश | New India Times

तारिक़ खान, ब्यूरो चीफ, रायसेन (मप्र), NIT:

https://www.newindiatimes.net/wp-content/uploads/2025/12/VID-20251213-WA0159.mp4
New India Times

आज रायसेन के सीएम राइज़-2 स्कूल में विद्यार्थियों के लिए एक विशेष और प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सीएम राइज़-2 स्कूल में प्रेरणा, संस्कार और कौमी एकता का भव्य संगम देखने को मिला।

रायसेन: सीएम राइज़-2 स्कूल में प्रेरणा और कौमी एकता का अनूठा संगम, जूनियर अन्नू कपूर ने दिया देशभक्ति का संदेश | New India Times

कोटा (राजस्थान) से पधारे प्रसिद्ध मोटिवेटर व टीवी कलाकार जूनियर अन्नू कपूर ने बच्चों को परीक्षा के डर से मुक्त रहने, आत्मविश्वास बनाए रखने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के अहम गुर सिखाए। उनके प्रेरक शब्दों से बच्चों में नई ऊर्जा और आत्मबल का संचार हुआ।

कार्यक्रम के दौरान “बेटी बचाओ” विषय पर दी गई शानदार प्रस्तुति ने सभी को भावुक कर दिया। इस प्रभावशाली संदेश ने छात्र-छात्राओं में सामाजिक जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और संस्कारों की भावना को और मजबूत किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में जबरदस्त उत्साह नजर आया और तालियों की गड़गड़ाहट से सभागार गूंजता रहा।

इसी कार्यक्रम में एक खास और गौरवपूर्ण पहलू भी सामने आया। बहुत कम लोग जानते हैं कि जूनियर अन्नू कपूर का वास्तविक नाम मोहम्मद इक़बाल मंसूरी है। वे भारत के पहले ऐसे मुस्लिम माने जाते हैं, जिन्होंने महज़ 12 वर्ष की उम्र से सुंदरकांड कंठस्थ कर उसका पाठ करना शुरू किया था। आज वे कौमी एकता के प्रतीक के रूप में देश-विदेश में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं।

सुंदरकांड पाठ, खाटू श्याम भजन और जागरणों के माध्यम से वे समाज को प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश दे रहे हैं। अपने ओजस्वी संबोधन में उन्होंने कहा:

“मेरे दिल में गीता भी है, बाइबिल भी और कुरआन भी। मैं सभी धर्मों का दिल से सम्मान करता हूं। यह मेरे पुरखों की जागीर है। मैं लोगों के दिलों में सिर्फ एक ही चीज रखना चाहता हूं—हिंदुस्तान।”

उनके ये शब्द सुनकर बच्चों से लेकर शिक्षक और अतिथि तक सभी भावुक और प्रेरित नजर आए। यह आयोजन न केवल विद्यार्थियों के लिए परीक्षा के तनाव से उबरने का माध्यम बना, बल्कि धर्म से ऊपर उठकर इंसानियत और देशप्रेम का मजबूत संदेश भी दे गया, जो लंबे समय तक सभी के दिलों में यादगार रहेगा।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version