निहाल चौधरी, इटवा/सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:

मैक्स चैरिटेबल ट्रस्ट (पंजीकरण संख्या 0013/2022) के तत्वावधान में आज जिला कारागार सिद्धार्थनगर में एक सराहनीय सामाजिक सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. अफ़रोज़ खान द्वारा किया गया, जिसमें जेल परिसर के अंदर कुल 300 स्वेटरों का वितरण किया गया।

इस कार्यक्रम के अंतर्गत लगभग 60 महिला बंदियों सहित पुरुष बंदियों को ठंड से बचाव हेतु स्वेटर प्रदान किए गए। कार्यक्रम में ट्रस्ट की कोषाध्यक्ष एवं स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. रुखसाना खान (मैक्स हॉस्पिटल एंड मेटरनिटी सेंटर, इटवा) द्वारा महिला बैरक में महिलाओं को स्वच्छता, स्वास्थ्य, खान-पान तथा ठंड के मौसम में विशेष सावधानियों के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर जेल अधीक्षक संदीप वर्मा ने मैक्स चैरिटेबल ट्रस्ट के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था द्वारा जेल के बंदियों को स्वेटर वितरित करना एक अत्यंत सराहनीय एवं परोपकारपूर्ण कार्य है।

उन्होंने इसे मानवता का सच्चा रूप बताया और कहा कि इससे बेहतर सेवा कार्य कोई नहीं हो सकता। उन्होंने समाज के प्रबुद्ध वर्ग से अपील की कि वे आगे आएं और अपनी क्षमता के अनुसार जरूरतमंदों की सहायता करें।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. अफ़रोज़ खान ने बंदियों को ठंड से बचाव, स्वच्छ जीवनशैली एवं स्वास्थ्य सुरक्षा के महत्व के बारे में जानकारी दी और कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुँचाना ही ट्रस्ट का मूल उद्देश्य है।
मैक्स चैरिटेबल ट्रस्ट भविष्य में भी समाज के जरूरतमंद, वंचित एवं उपेक्षित वर्गों के लिए ऐसे मानवीय और सेवा कार्य निरंतर करता रहेगा।
