नाम पूछा, फिर की हैवानियत: नालंदा में भीड़ ने कपड़ा फेरीवाले को जिंदा नोचा, इलाज के दौरान मौत | New India Times

अतीश दीपंकर, नालंदा (बिहार), NIT:

https://www.newindiatimes.net/wp-content/uploads/2025/12/VID-20251213-WA0064.mp4
New India Times

एक बार फिर से बिहार में डबल इंजन की सरकार के सुशासन की पोल खुलती नजर आ रही है। मामला बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह क्षेत्र से सटे जिले का है, जहां इंसानियत की धज्जियां उड़ने वाला मामला प्रकाश में आया है।

https://www.newindiatimes.net/wp-content/uploads/2025/12/VID-20251213-WA0063.mp4

ऐसा लग रहा है कि अपराधियों को बिहार में किसी भी तरह का खौफ नहीं है। राज्य में एक के बाद एक घटना को अंजाम दिया जा रहा है, और खास बात यह है कि बिहार के मुखिया के गृह क्षेत्र में ऐसी घटना हो रही है। ऐसा लगता है कि अपराधी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को मुंह चिढ़ा रहे हों।

मॉब लिंचिंग से दहला नवादा
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह क्षेत्र से सटे नवादा जिले के रोह थाना क्षेत्र अंतर्गत भट्ठा गांव में मानवता को शर्मसार कर देने वाली मॉब लिंचिंग की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है।

कपड़ा फेरी कर जीवनयापन करने वाले एक व्यक्ति को भीड़ ने सिर्फ नाम पूछने के बाद बेरहमी से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। गंभीर रूप से घायल इस युवक की इलाज के दौरान शुक्रवार की रात पावापुरी स्थित विम्स अस्पताल में मौत हो गई।

मृतक की पहचान
मृतक की पहचान बिहारशरीफ के लहेरी थाना क्षेत्र स्थित गगनदीवान मोहल्ला निवासी स्वर्गीय मोहम्मद आलम के 40 वर्षीय पुत्र मोहम्मद अतहर हुसैन के रूप में हुई है। नवादा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया है।

पूरी वारदात: क्या हुआ था?
मृतक के भाई मोहम्मद शाकिब ने बताया कि अतहर हुसैन पिछले तीन वर्षों से नवादा जिले के मरुई गांव में ससुराल में रहकर साइकिल से कपड़ा बेचने का काम करते थे।
घटना: 5 दिसंबर की शाम भट्ठा गांव के पास उनकी साइकिल पंचर हो गई थी। उन्होंने सड़क किनारे अलाव ताप रहे कुछ लोगों से पंचर दुकान का पता पूछा।
हमला: इसी दौरान लोगों ने उनका नाम पूछा। जैसे ही उन्होंने अपना नाम मोहम्मद अतहर हुसैन बताया, मौजूद लोगों ने अचानक उन पर हमला कर दिया।

हैवानियत की हदें
आरोप तो यह भी है कि भीड़ ने जलती लकड़ी से उनके शरीर पर वार किया, पिलास से कान काट दिया, हाथ तोड़ दिया और बेरहमी से पीट-पीट कर उन्हें अधमरा कर दिया। हालांकि, इसकी सूचना मिलने पर रोह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर अवस्था में युवक को नवादा सदर अस्पताल ले गई। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए नालंदा जिला के विम्स अस्पताल, पावापुरी रेफर किया गया, जहां अंततः इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस की कार्रवाई
इस संबंध में रोह थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि मामले में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। घटना की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

By nit

Exit mobile version