मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव विधानसभा अंतर्गत तामिया के डोंगरा गांव निवासी कमलेश कुडोपा अग्निवीर ट्रेनिंग के लिए रवाना हुए। उनके चयन और प्रस्थान से गांव एवं आसपास के क्षेत्रों में खुशी का माहौल देखा गया।
कमलेश के रवाना होने से पहले गांव में डीजे और ढोल-नगाड़ों के साथ एक प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ग्रामवासियों ने जगह-जगह पुष्पमालाएं पहनाकर कमलेश का स्वागत और सम्मान किया।
कमलेश की रुचि पहले क्रिकेट, कबड्डी और विभिन्न टूर्नामेंटों में अधिक रही है। अग्निवीर में उनके चयन से परिवार और समूचे गांव में हर्ष का वातावरण है।
कमलेश के पिता राजू कुडोपा और माता रजिया कुडोपा ने कहा कि आज उनका परिवार बेहद गर्व महसूस कर रहा है। गांव डोंगरा से पहली बार कोई युवक भारतीय सेना में शामिल होने जा रहा है—यह पूरे गांव के लिए ऐतिहासिक पल है। उन्होंने कहा कि कमलेश पूरे समर्पण के साथ देश की सेवा करेगा और गांव का नाम रोशन करेगा।
आज कमलेश कुडोपा अपने पैतृक गांव डोंगरा से बिहार रेजीमेंट दानापुर ट्रेनिंग सेंटर के लिए रवाना हुए। इस अवसर पर डोंगरा सहित लोटीया, छिंदी, बामड़ी, करेली, कुम्हड़ी, मोयाकुई, अंखवाड़ी, बेलपठार सहित कई गांवों के युवा साथी मौजूद रहे।
