इंदौर के एक रेस्तरां में तड़के भीषण आगजनी, कोई जनहानि नहीं | New India Times

सरवर खान

इंदौर, NIT; इंदौर मध्यप्रदेश के विजय नगर इलाके में बीसीएम हाइट्स बिल्डिंग में मंगलवार सुबह आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. आग इतनी भीषण थी कि कई किलोमीटर दूर से धुएं का गुबार नजर आ रहा था। फायर बिग्रेड ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

मिली जानकारी के अनुसार, बीसीएम हाइट्स बिल्डिंग के तल मंजिल पर बने एक रेस्तरां में तड़के करीब साढ़े छह बजे आग लग गई. रेस्तरां के पास बनी एक दुकान के कर्मचारी ने शॉप खोली तो आग लगने की घटना का खुलासा हुआ। दरअसल, दुकान खोलते ही धुएं का गुबार बाहर निकला, तो इस कर्मचारी को लगा कि उसकी ही दुकान में आग लगी है. हालांकि, आग नजदीक के एक रेस्तरां और आईस्क्रीम पार्लर में लगी थी, जिसका धुआं इस कर्मचारी के शॉप में भर गया था।

आग लगने के बाद पूरी बिल्डिंग में अफरातफरी मच गई. सैकड़ों लोग डर के मारे अपने फ्लैट से घबराकर बाहर की तरफ दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग पर काबू पाने की काफी कोशिशें की, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि, सारी कोशिशें नाकाम साबित हुईं। मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड के लिए भी आग पर काबू पाना आसान नहीं था. करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद ही दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया. अभी आग लगने की वजह का खुलासा नहीं हो सका है. शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article

Exit mobile version