रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:
एसआईआर यानी कि मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision) का कार्य झाबुआ जिले के थांदला तहसील के सुदूर ग्राम उदयपुरिया में पूरी मेहनत और लगन के साथ 100 प्रतिशत पूरा किया गया।
यहां कार्यरत पटवारी, बीएलओ, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सचिव, मोबिलाइज़र और कोटवार ने एकजुट होकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और जिले में अपनी विशेष पहचान बनाई।
केंद्र सरकार की पहल और चुनाव आयोग के निर्देश पर चलाए गए इस महाअभियान का उद्देश्य था कि कोई भी पात्र मतदाता छूटे नहीं और कोई भी फर्जी नाम मतदाता सूची में शामिल न हो।
4 नवंबर से शुरू हुए इस विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में ग्राम पंचायत उदयपुरिया की टीम ने ग्रामीणों की बैठकें लेकर उन्हें एसआईआर का महत्व समझाया, जागरूक किया और आवश्यक फॉर्म भरवाए। परिणामस्वरूप यह कार्य निर्धारित समय से पहले पूर्ण हो गया।
एसआईआर का शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण होने पर उदयपुरिया के सरपंच भारत कटारा द्वारा एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। ग्रामीणों की उपस्थिति में पटवारी, बीएलओ, सचिव, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, मोबिलाइज़र और कोटवार को शॉल, स्वेटर, मफलर और मिठाइयों के पैकेट देकर सम्मानित किया गया।
सरपंच एवं भाजपा मंडल महामंत्री भारत कटारा ने सभी के उत्कृष्ट कार्य की प्रशंसा की और ग्रामीणों को एसआईआर की महत्वता समझाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस प्रयास को लोकतंत्र को मजबूत करने वाला कदम बताया।
