आसिम खान, ब्यूरो चीफ, छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

छिंदवाड़ा-नरसिंहपुर नेशनल हाईवे पर तेदनी गांव के पास एक स्लीपर बस के अनियंत्रित होकर पलट जाने से बड़ा हादसा हो गया। टीकमगढ़ से नागपुर जा रही इस बस में कुल 6 यात्री घायल हुए, जिनमें से 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद नरसिंहपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही हर्रई थाना पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया गया।
