मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव के अंतर्गत ग्राम पंचायत डूंगरिया में पिछले एक महीने से गंभीर पानी संकट बना हुआ है। इसी समस्या को लेकर ग्रामीणों ने एसडीएम कामिनी ठाकुर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल समाधान की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि आधा दर्जन से अधिक परिवार पानी की कमी से जूझ रहे हैं, लेकिन WCL विभाग के अधिकारियों को कई बार लिखित व मौखिक शिकायत देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि जैन कुएं में मोटर पंप खराब होने के कारण वार्ड नंबर 1 से लेकर वार्ड नंबर 9 तक पानी की सप्लाई बंद है। विगत एक वर्ष में 6–7 बार मोटर पंप खराब हो चुका है, जिससे बार-बार ग्रामीणों को संकट का सामना करना पड़ा है।
ग्रामीणों ने यह भी उल्लेख किया कि वर्ष 1988 में WCL विभाग ने जमीन अधिग्रहण के समय ग्राम पंचायत डूंगरिया से समझौता किया था कि जब तक गांव में स्थायी जल व्यवस्था नहीं हो जाती, तब तक पानी उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं WCL की खदानों के कारण भूमिगत जलस्तर काफी नीचे चला गया है, जिससे पंचायत के लगभग 8 लाख रुपये के बोरवेल भी फेल हो चुके हैं।
पूर्व में PHED विभाग द्वारा लगाए गए लगभग 15 हैंडपंप भी फ्लोराइड युक्त पानी मिलने के कारण बंद कर दिए गए थे, जिससे समस्या और बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि जैन कुएं में तुरंत नया मोटर पंप लगाया जाए, अन्यथा 8 दिन बाद WCL विभाग के खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी WCL प्रबंधन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान सुरेश विश्वकर्मा, शम्मी अंसारी, दिनेश देशमुख, संतोष पवार, मुरारी विश्वकर्मा, दीपक शर्मा, तुलसी डेहरिया, रमा चौरासे, सोनी बाई, अभिषेक यादव, संतोषी, अख्तर खान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
