मोहम्मद इसहाक मदनी, ब्यूरो चीफ, मैहर (मप्र), NIT:
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा ‘मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद’ योजना के तहत ग्राम प्रस्फुटन समितियों का गठन कर शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए जल्द से जल्द बैंक खाते खोलने के निर्देश दिए गए हैं।
लेकिन इन निर्देशों के विपरीत मध्यप्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा मुकुन्दपुर के शाखा प्रबंधक द्वारा बीते दो महीने से ग्राम प्रस्फुटन समिति का खाता नहीं खोला जा रहा है, जिससे ग्राम प्रस्फुटन समिति मुकुन्दपुर के अध्यक्ष राजेश विश्वकर्मा और सचिव रामप्रकाश शाहू बेहद परेशान हैं।
इस संबंध में सीएम हेल्पलाइन क्रमांक 35592021 पर शिकायत दर्ज कराई गई है। इसी तरह संध्या सोंधिया निवासी सिंघौल ने भी सीएम हेल्पलाइन क्रमांक 35553724 पर शिकायत करते हुए बताया कि शाखा प्रबंधक साफ कह रहा है— “जब तक मैं हूं, ऐसे खाते नहीं खुलेंगे।”
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि बैंक प्रबंधक की मनमानी के कारण शासकीय योजनाओं का क्रियान्वयन बाधित हो रहा है। इसी तरह धोबहट निवासी राजेश तोमर ने भी गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि वह पिछले दो–तीन महीनों से परेशान हैं।
उनका कहना है कि उनकी अपनी जमा पूंजी बैंक में होने के बावजूद प्रबंधक उन्हें पैसा नहीं निकालने दे रहा है।
उनके खाते पर तरह–तरह की आपत्तियाँ लगाकर उन्हें परेशान किया जा रहा है। क्षेत्र के कई अन्य लोगों ने भी वर्तमान शाखा प्रबंधक पर मनमानी व उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं।
बैंक प्रबंधक द्वारा क्षेत्रीय जनता को परेशान किए जाने का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। राजेश विश्वकर्मा (मुकुन्दपुर) तथा अन्य क्षेत्रीय जनों ने समाचार माध्यम से जिला कलेक्टर और मैहर–अमरपाटन के एसडीएम से कार्रवाई की मांग की है, ताकि बैंक से जुड़ी आम जनता की समस्याओं का जल्द निराकरण हो सके।
