सीएम डॉ.मोहन यादव ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को ऑनलाइन पारदर्शी नियुक्ति पत्र किए वितरित, अर्चना चिटनिस ने दिलाई कर्तव्यनिष्ठा की शपथ | New India Times

मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

मध्यप्रदेश सरकार ने पारदर्शिता और सुशासन की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की पहली पूर्णतः ऑनलाइन और मेरिट-आधारित नियुक्ति प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूर्ण किया।

भोपाल स्थित विधानसभा सभागार में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नवचयनित कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती निर्मला भूरिया, विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी), अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई तथा प्रमुख सचिव जी.वी. रश्मि सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में उपस्थित विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने सभी नवनियुक्त कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को कर्तव्यनिष्ठ रहने, सेवा-भाव से कार्य करने और कुपोषण उन्मूलन में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई। श्रीमती चिटनिस ने कहा कि आंगनवाड़ी बच्चों के जीवन की पहली पाठशाला है और यहां मिलने वाले संस्कार उनके सम्पूर्ण व्यक्तित्व का निर्धारण करते हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज भी गांवों में आंगनवाड़ी वाली दीदी को जो सम्मान मिलता है, उतना किसी और को नहीं मिलता। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिक परिवार की सदस्य बन जाती हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि न्यू इंडिया की मजबूत नींव मातृ शक्ति से ही बनती है।

हमारी आंगनवाड़ी की बहनें इसे सार्थक कर रही हैं। यह बहनें केवल कार्यकर्ता नहीं अपितु गांव की पहली गुरू और पहली पोषण दूत हैं। इनकी वजह से लाखों बच्चों में कुपोषण कम हो रहा है और गर्भवती माताओं में जागरूकता बढ़ रही है।

स्कूलों में ड्रापआऊट रेट में भी कमी आयी है। राज्य सरकार बहनों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। नगरीय‍ निकायों और सरकारी नौकरियों में आरक्षण की सीमा में वृद्धि की गई है। इसके साथ ही बहनों के रोजगार के लिए उद्योग समूहों को भी राशि उपलब्ध कराई जा रही है।

महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती निर्मला भूरिया ने कहा कि आंगनवाड़ी के माध्यम से बाल विकास, पोषण और महिला कल्याण के क्षेत्र में प्रदेश ने हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है। उन्होंने नवचयनित कार्यकर्ताओं को प्रदेश की अगली पीढ़ी के भविष्य निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में नवनियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने विधानसभा की कार्यवाही का भी अवलोकन किया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता की सराहना करते हुए कहा कि यह व्यवस्था सुशासन का उत्कृष्ट उदाहरण है और अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।

कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है, जहां पहली बार आंगनवाड़ी स्तर पर भर्ती के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया अपनाई गई। प्रदेश में अब तक 1091 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और 10984 सहायिकाओं की नियुक्ति के आदेश जारी किए गए हैं। शेष पद भरने के लिए भी तेजी से प्रक्रिया जारी है।

उल्लेखनीय है कि ऑनलाइन पोर्टल पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के 2077 पदों के विरुद्ध 81704 आवेदन आए और सहायिकाओं के 17477 पदों के लिए 317627 आवेदन प्राप्त हुए।

शुक्रवार को विधानसभा परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्रतीक स्वरूप 50 नवनियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं के ओर से मुख्यमंत्री डॉ. यादव को आभार स्वरूप धन्यवाद पत्र सौंपा गया।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version