कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने जुन्नारदेव का किया औचक निरीक्षण, जैविक खेती और विकास कार्यों की ली समीक्षा | New India Times

मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने जुन्नारदेव का किया औचक निरीक्षण, जैविक खेती और विकास कार्यों की ली समीक्षा | New India Times

कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने शुक्रवार को जुन्नारदेव क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों, निर्माणाधीन छात्रावासों, सांदीपनि विद्यालय, अमृत सरोवर आदि का औचक निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार भी उनके साथ थे।

कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने जुन्नारदेव का किया औचक निरीक्षण, जैविक खेती और विकास कार्यों की ली समीक्षा | New India Times

एकलव्य परिसर में मिली कमियों पर नाराज़गी

कलेक्टर ने सर्वप्रथम एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, जुन्नारदेव परिसर में निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की फिनिशिंग और दिव्यांग विद्यार्थियों के शौचालय निर्माण में मिली कमियों पर नाराजगी जताई और पीआईयू के इंजीनियर को गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए।

सुकरी में आदिवासी बालक छात्रावास का निरीक्षण

बीआरसी ऑफिस के पीछे निर्माणाधीन आदिवासी बालक छात्रावास, सुकरी में पुताई कार्य में लापरवाही मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने पुताई से खराब हुई खिड़कियों की पूरी सफाई करवा कर ही हैंडओवर लेने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने एकीकृत माध्यमिक शाला सुकरी में विद्यार्थियों से विज्ञान विषय पर सामान्य ज्ञान के प्रश्न पूछकर संवाद किया। कलेक्टर ने मध्यान्ह भोजन में स्वच्छता और पानी की टंकी लगवाने संबंधी निर्देश भी दिए।

उप स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण

कलेक्टर ने उप स्वास्थ्य केंद्र डुंगरिया का निरीक्षण किया और उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली, जो संतोषजनक पाई गई। उन्होंने परिसर की साफ-सफाई और चादरों की नियमित धुलाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही क्रिटिकल केस आने पर जिला अस्पताल से समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दमुआ में ड्यूटी रोस्टर का सही संधारण नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई।

सांदीपनि विद्यालय दमुआ की सराहना

कलेक्टर ने सांदीपनि विद्यालय दमुआ के नव-निर्मित भवन का निरीक्षण किया। कार्य संतोषजनक पाए जाने पर प्राचार्य की सराहना करते हुए उन्होंने शेष कार्य शीघ्र पूरा करवाने के निर्देश दिए।

चिकटबर्री में जैविक खेती का अवलोकन

कलेक्टर ने ग्राम पंचायत चिकटबर्री में कृषक विनोद साहू की जैविक खेती देखी और उनके कार्य की प्रशंसा की। किसानों द्वारा ‘एक बगिया मां के नाम’ योजना के तहत लगाए गए आम के पौधों का भी उन्होंने अवलोकन किया। कलेक्टर ने कृषक साहू को अन्य किसानों को भी जैविक खेती का प्रशिक्षण देने के लिए प्रेरित किया।

भाकरा में अमृत सरोवर का निरीक्षण

भाकरा पंचायत में कलेक्टर ने अमृत सरोवर का निरीक्षण किया। सरोवर में पानी भरा होने पर उन्होंने कार्य की सराहना की और गर्मी के मौसम में पानी बनाए रखने हेतु अतिरिक्त पानी रोकने के लिए बोरी बंधान करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम जुन्नारदेव कामिनी ठाकुर, जनपद पंचायत सीईओ रश्मि चौहान, तहसीलदार राजेंद्र टेकाम, नायब तहसीलदार मोहित बोरकर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version