रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:

मध्य प्रदेश आदिवासी विकास परिषद के अध्यक्ष एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार ने झाबुआ जिले के लोकप्रिय पूर्व विधायक व प्रदेश कांग्रेस महासचिव जेवियर मेड़ा को परिषद की धारा 3 के तहत प्रदेश उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है। मेड़ा को इंदौर–उज्जैन संभाग का प्रभार भी दिया गया है, जिसकी सूचना मिलते ही जिले के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाइयाँ दीं।
नियुक्ति के बाद जेवियर मेड़ा ने कहा कि परिषद हमेशा आदिवासी समुदाय के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक विकास के लिए सक्रिय रही है। उन्होंने बताया कि वे आदिवासियों के उत्थान, उनकी आत्मनिर्भरता और विकास को लेकर प्रतिबद्ध हैं। इसी सिलसिले में प्रदेश स्तरीय सम्मेलन की रूपरेखा तैयार की जा रही है और जल्द ही एक बड़ा सम्मेलन आयोजित होगा।
उनकी नियुक्ति पर विधायकों, पूर्व विधायकों, जनप्रतिनिधियों और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने बधाई देते हुए आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार के प्रति आभार व्यक्त किया।
