बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बच्चों का मनाया जन्मदिन, साथ बैठकर किया भोजन; विद्यालय में तिथि भोजन कार्यक्रम बना मिसाल | New India Times

मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

परिषदीय विद्यालयों में सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने हेतु आयोजित तिथि भोजन कार्यक्रम के तहत शहर के एक प्राथमिक विद्यालय में पाँच बच्चों का जन्मदिन हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय में कुल 110 छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से की गई। इसके बाद कक्षा 1 के कृष्णा, कक्षा 2 की जोहा, कक्षा 3 के आयुष, कक्षा 4 की शिवांगी और कक्षा 5 की बेबी ने मिलकर केक काटा। “हैप्पी बर्थडे टू यू” की धुनों के बीच बच्चों ने मोमबत्तियाँ बुझाईं तो पूरा परिसर उत्साह और उल्लास से गूंज उठा।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दिव्या गुप्ता स्वयं बच्चों के साथ बैठकर भोजन करने पहुँचीं। उन्होंने बच्चों को गिफ्ट एवं चॉकलेट वितरित कर स्नेहपूर्वक आशीष दिया। बच्चों के बीच उनका व्यवहार मानो एक अभिभावक जैसा था।

दिव्या गुप्ता ने कहा,
“कोई भी शिक्षक या ग्रामवासी अपने विशेष अवसर—जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ अथवा अन्य खुशी—को विद्यालय के बच्चों के साथ तिथि भोज के रूप में मना सकता है। यह केवल आयोजन नहीं, बल्कि समाज को विद्यालय से जोड़ने का सुंदर माध्यम है।”

उन्होंने स्पष्ट किया कि तिथि भोज हमेशा विद्यालय परिसर में ही आयोजित होगा। समाज का कोई भी सदस्य विद्यालय में डायनिंग शेड, सर्विंग प्लेट, डिनर सेट, कैसरोल, बर्तन, या पानी हेतु प्यूरीफायर आदि का योगदान कर सकता है। इसके अलावा इच्छुक व्यक्ति मध्यान्ह भोजन निधि में आर्थिक सहयोग भी दे सकता है।

बाल-सुलभ उल्लास के इस कार्यक्रम में विशेष भोजन तैयार किया गया, जिसमें सभी अतिथियों ने बच्चों के साथ बैठकर सहभागिता की। यह दृश्य सामुदायिक एकता का ऐसा प्रतीक बना जिसकी आज शिक्षा व्यवस्था को अत्यंत आवश्यकता है।

कार्यक्रम का नेतृत्व विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजकुमार तिवारी ने किया, जिनके प्रयासों से विद्यालय को समुदाय का “घर” बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ा।

कार्यक्रम में एमडीएम जिला समन्वयक निश्चय सिंह, शिक्षकगण शिवकुमार, प्रेक्षा अवस्थी, कल्पना सिंह, गौरी मिश्रा, मोहनी, किरण, रामचंद्र तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सुधीर कुमार सहित अनेक ग्रामवासी उपस्थित रहे

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version