मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
पुलिस अधीक्षक बुरहानपुर श्री देवेंद्र पाटीदार द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में शाम के समय पैदल फुट पेट्रोलिंग करें तथा अवैध गतिविधियों पर सतत निगरानी बनाए रखें।
इसी तारतम्य में नगर पुलिस अधीक्षक श्री गौरव पाटिल के मार्गदर्शन में बुधवार, दिनांक 03/12/2025 को सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में पैदल फुट पेट्रोलिंग की गई। पेट्रोलिंग के दौरान मुख्य चौराहों, बाजार क्षेत्रों, धार्मिक स्थलों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों की औचक चेकिंग की गई।
साथ ही अवैध रूप से जमावड़ा कम करने तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए लोगों को समझाइश दी गई। फुट पेट्रोलिंग के दौरान आमजन को सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक, भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट न करने के संबंध में जागरूक किया गया।
◆ बुरहानपुर पुलिस की अपील:
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक या भड़काऊ जानकारी साझा न करें। यदि कोई व्यक्ति इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
