शहर के ऐतिहासिक भोपाल गेट पर राजनीतिक बैनर लगा कर उसकी पहचान को की जा रही है धूमिल | New India Times

अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:


मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी विधि एवं मानव अधिकार विभाग के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. सैयद खालिद कैस एडवोकेट ने सुलतानिया रोड स्थित भोपाल गेट पर भाजपा नेताओं द्वारा प्रचार-प्रसार के लिए बैनर लगाने का कड़ा विरोध दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि यह स्थान शहीद स्मारक और भोपाल विलीनीकरण स्मारक के रूप में जाना जाता है तथा ऐतिहासिक और भावनात्मक महत्व रखता है, लेकिन भाजपा के नेता इसे बैनर और पोस्टर से पाटकर इसकी पहचान और खूबसूरती को क्षति पहुँचा रहे हैं।

डॉ. कैस ने आरोप लगाया कि भाजपा के नेता संसद, विधायक और अन्य नेताओं के जन्मदिन या आयोजनों के अवसर पर आदमकद बैनर और पोस्टर लगाकर अपना महिमामंडन करते हैं, जिसके कारण स्मारक का वास्तविक स्वरूप ढक जाता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में भोपाल सांसद के जन्मदिन के नाम पर लगाए गए बैनर ने पूरे स्मारक की खूबसूरती को छिपा दिया है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने यह भी कहा कि यह कोई नया मामला नहीं है। अक्सर भाजपा के लोग इसी तरह स्मारक स्थल पर नेता-पूजन और चरण वंदना के नाम पर पोस्टरबाजी करते रहते हैं। उन्होंने नगर निगम प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि या तो निगम इस मुद्दे को अनदेखा कर रहा है या फिर प्रशासनिक हिम्मत न होने के कारण ऐसे अतिक्रमण पर कार्रवाई नहीं करता।

डॉ. सैयद खालिद कैस एडवोकेट ने मांग की है कि ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण किया जाए और स्मारक स्थलों पर राजनीतिक प्रचार पर रोक लगाने की ठोस व्यवस्था बनाई जाए।

Exit mobile version