अबरार अली, ब्यूरो चीफ, सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:
स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर शनिवार को आशा एवं आशा संगिनी को आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाने के लिए प्रशिक्षण दिया गया।
यह प्रशिक्षण प्रमुख सचिव स्वास्थ्य के निर्देश एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी सिद्धार्थनगर के आदेशानुसार अधीक्षक डॉ. संदीप कुमार द्विवेदी द्वारा समस्त एएनएम, आशा संगिनी और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रदान किया गया।
आयुष्मान गोल्डन कार्ड 70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के व्यक्तियों, अंत्योदय कार्ड धारकों तथा उन पात्र गृहस्थी कार्ड धारकों को बनाया जाना है जिनके राशन कार्ड में छह या उससे अधिक सदस्यों के नाम दर्ज हैं। सभी छूटे हुए व्यक्तियों का आयुष्मान गोल्डन कार्ड निर्माण कार्य माह दिसंबर तक पूर्ण करना है।
यह प्रशिक्षण हरिश्चंद्र चौरसिया द्वारा प्रदान किया गया। 25 नवंबर से 25 दिसंबर तक इस संबंध में विशेष अभियान संचालित किया जाएगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में बीसीपीएम शिवशंकर वरुण, एआरओ ओमप्रकाश त्रिपाठी सहित कई स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त संगिनी सुषमा मिश्र, आशा सोनम, आशा मीना देवी, रीना चतुर्वेदी, सीमा, सुनीता, दीपा पांडेय, दीपलाली संगिनी आदि की उपस्थिति रही।
