तारिक़ खान, ब्यूरो चीफ, रायसेन (मप्र), NIT:

गौहरगंज क्षेत्र में 21 नवंबर की शाम 6 से 9 बजे के बीच 6 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म ने पूरे जिले को दहला दिया था। घटना की जानकारी मिलते ही नर्मदापुरम जोन के पुलिस महानिरीक्षक मिथिलेश कुमार शुक्ला, पुलिस उपमहानिरीक्षक प्रशांत खरे और पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में 20 स्पेशल टीमें आरोपी की तलाश में लगा दी गईं। रिश्तेदारों से पूछताछ से लेकर प्रदेश के विभिन्न जिलों और प्रदेश के बाहर तक भी आरोपी की तलाश की गई।

पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी में मदद करने वालों के लिए ₹30,000 के इनाम की घोषणा की थी। 27 नवंबर को पुलिस को महत्वपूर्ण इनपुट मिला कि आरोपी जैसा दिखने वाला युवक भोपाल के गांधी नगर क्षेत्र में देखा गया है। सूचना मिलते ही भोपाल पुलिस और रायसेन पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को गौहरगंज थाने लाया जा रहा था, तभी ग्राम कीरतनगर के पास पुलिस वाहन का टायर पंचर हो गया। इस दौरान आरोपी ने मौके का फायदा उठाते हुए भागने की कोशिश की और पुलिस की पिस्टल छीनने का प्रयास किया। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपी के पैर में गोली मारकर उसे काबू किया।
इसके बाद आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस का कहना है कि इस जघन्य वारदात में शामिल आरोपी को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा और आगे की कार्रवाई तेज़ी से जारी है।
