मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
जिला निर्वाचन अधिकारी व जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और पारदर्शी बनाने का कार्य जिलेभर में तेजी से जारी है। इसी क्रम में मतदाता अपने-अपने बीएलओ के पास पहुंचकर गणना प्रपत्र भरने और डिजिटाइजेशन हेतु फीडिंग कराने में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक प्रपत्र भरकर बीएलओ को उपलब्ध कराया। बीएलओ द्वारा फॉर्म वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया सतत जारी है।
जिलाधिकारी ने बीएलओ को निर्देशित किया कि गणना प्रपत्र भरवाते समय प्रत्येक विवरण को ध्यानपूर्वक जांचें और मतदाताओं को आवश्यक जानकारी स्पष्ट रूप से समझाएं। वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों और नई पात्रता प्राप्त युवा मतदाताओं को विशेष सहयोग प्रदान किया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि फॉर्म की फीडिंग और डिजिटाइजेशन कार्य में किसी भी प्रकार की त्रुटि न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि SIR प्रक्रिया के दौरान पारदर्शिता और शुद्धता अत्यंत आवश्यक है। सभी बीएलओ अपने दायित्वों को सर्वोच्च जिम्मेदारी से पूरा करें। विशेष पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई पात्र मतदाता छूटे नहीं और कोई अपात्र मतदाता सूची में शामिल न रह जाए। उन्होंने पूरी टीम को निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किए जाएं ताकि जिले की मतदाता सूची पूरी तरह अद्यतन और त्रुटिरहित तैयार हो सके।
तारीन बहादुरगंज क्षेत्र के बीएलओ आदित्य कुमार घर-घर जाकर मतगणना प्रपत्र वितरित कर रहे हैं। वह मतदाताओं को बड़े ही सौम्य और सरल तरीके से जानकारी समझा रहे हैं, जिससे क्षेत्रवासी उनसे अत्यंत प्रभावित हैं। आदित्य कुमार लोगों को प्रपत्र भरवाने में पूरी मदद कर रहे हैं, जिसके चलते क्षेत्र में उनकी सराहना हो रही है।
