भोपाल को मिली 194 करोड़ की सौगात: कोलार में मल्टी स्पोर्ट्स स्टेडियम, सांदीपनि विद्यालय और अमृत 2.0 परियोजनाओं का लोकार्पण | New India Times

जमशेद आलम, ब्यूरो चीफ, भोपाल (मप्र), NIT:

भोपाल को मिली 194 करोड़ की सौगात: कोलार में मल्टी स्पोर्ट्स स्टेडियम, सांदीपनि विद्यालय और अमृत 2.0 परियोजनाओं का लोकार्पण | New India Times

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार गरीब, किसान, महिला एवं युवा कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा और विज़न के अनुरूप वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए राज्य सरकार विकास और सुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इसी क्रम में आज हुजूर विधानसभा क्षेत्र के श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर (कोलार) में 194 करोड़ रुपये के विकास और जनकल्याण कार्यों का लोकार्पण किया गया।

इनमें कटारा–बर्रई क्षेत्र में नवनिर्मित सांदीपनि विद्यालय, कोलार में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी मल्टी स्पोर्ट्स स्टेडियम का लोकार्पण और अमृत 2.0 योजना के अधोसंरचना निर्माण कार्यों का शुभारंभ शामिल है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव बंजारी क्षेत्र में आयोजित विकास पर्व कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि कोलार में 9 एकड़ भूमि पर 11 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से आधुनिक खेल परिसर तैयार हुआ है, जो भोपाल और आसपास के युवाओं के लिए प्रशिक्षण और अभ्यास का बड़ा केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मलखंब, कबड्डी, घुड़सवारी जैसे पारंपरिक खेलों को प्रोत्साहित कर रही है तथा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में स्पोर्ट्स स्टेडियम का निर्माण कराया जा रहा है, ताकि खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।

डॉ. यादव ने बताया कि 29 करोड़ रुपये की लागत से कटारा–बर्रई में तैयार सांदीपनि विद्यालय से विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा सुविधाएँ प्राप्त होंगी। साथ ही, 155 करोड़ रुपये की अमृत 2.0 परियोजना के अंतर्गत 700 किलोमीटर सीवेज नेटवर्क, 171 एमएलडी क्षमता के 9 सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और 1 लाख 21 हजार घरेलू कनेक्शनों को जोड़ा जाएगा। परियोजना पूर्ण होने पर भोपाल का सीवेज नेटवर्क 60% बढ़ जाएगा और वर्ष 2040 की 85% आवश्यकता पूरी करेगा। लगभग 7 लाख आबादी इससे लाभान्वित होगी।

कटारा-बर्रई को 800 करोड़ का स्पोर्ट्स स्टेडियम
मुख्यमंत्री ने कटारा–बर्रई (वार्ड 85) में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के नाम पर 800 करोड़ रुपये की लागत से एक भव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही कोलार में 16 एकड़ भूमि पर नया दशहरा मैदान तथा कजलीखेड़ा में नया थाना बनाने की घोषणा भी की।

उन्होंने बताया कि शहर के प्रमुख मार्गों पर महापुरुषों के नाम से 7 भव्य द्वार बनाए जाएंगे। 13 दिसंबर को इंदौर–सीहोर मार्ग पर विक्रमादित्य द्वार का भूमिपूजन किया जाएगा, वहीं भोपाल में एक द्वार राजा भोज को समर्पित होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी राष्ट्रवादी विचारों के प्रतीक थे। उन्होंने धारा 370 को देशहित में अनुचित बताते हुए मंत्री पद से त्यागपत्र देकर कश्मीर में आंदोलन का नेतृत्व किया था।

कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह, हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा, महापौर मालती राय, विधायक भगवान दास सबनानी सहित बड़ी संख्या में नागरिक और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article