तारिक़ खान, ब्यूरो चीफ, रायसेन (मप्र), NIT:

रायसेन जिले के गौहरगंज थाना क्षेत्र के पांजरा गांव में छह वर्षीय मासूम बच्ची से दुष्कर्म की दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे प्रदेश में आक्रोश पैदा कर दिया है। मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस की महासचिव श्रीमती कंचन शर्मा ने कहा कि यह घटना प्रदेश की महिला सुरक्षा व्यवस्था की पूरी तरह विफलता को उजागर करती है। उन्होंने कहा कि सरकार मंचों पर बड़े दावे करती है, लेकिन ज़मीन पर हालात भयावह हैं और अपराधियों में कानून का कोई भय नहीं बचा है।
घटना के बाद परिजन मासूम को औबेदुल्लागंज अस्पताल ले गए, लेकिन एंबुलेंस होने के बावजूद ड्राइवर और स्टाफ न मिलने के कारण समय पर इलाज नहीं हो सका। मजबूरन परिवार को बच्ची को निजी वाहन से एम्स भोपाल ले जाना पड़ा। कंचन शर्मा ने इसे सरकारी सिस्टम की घोर लापरवाही और प्रशासन की असंवेदनशीलता बताया।
उन्होंने मांग की कि आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर फास्ट-ट्रैक कोर्ट में कठोरतम सज़ा दी जाए साथ ही चेतावनी दी कि यदि बच्ची को न्याय नहीं मिला या कार्रवाई में ढिलाई बरती गई, तो महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती रीना बौरासी के नेतृत्व में प्रदेशव्यापी आंदोलन छेड़ा जाएगा।
कंचन शर्मा ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा पोस्टरों और नारों से नहीं, बल्कि सख्त कार्रवाई और जवाबदेह प्रशासन से सुनिश्चित होती है। यह घटना सरकार के सुरक्षा मॉडल की स्पष्ट नाकामी है।
