मकसूद अली, यवतमाल (महाराष्ट्र), NIT;
पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में गुरुवार की सुबह 9 बजे के करीब एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। स्थानीय आरटीओ कार्यालय के समीप एक गोदाम में हुई वारदात में शहर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शहर में बढ़ रहे अवैध साहूकारी के चलते यह हत्या होने की भी चर्चा है।
जानकारी क अनुसार पाटीपुरा निवासी रितेश उर्फ बल्ली विलास बावीस्कर (25) को आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर मौत के घाट उतारा। सूचना मिलते ही शहर थाने का दल घटनास्थल पर पहुंचा मामले की गंभीरता को देख जिला पुलिस अधीक्षक एम. राजकुमार ने अपने दल को भी आरोपियों के शिनाख्त के लिए रवाना किया। मृतक की मां फुलाबाई विलास बावीस्कर ने शहर थाने पहुंचकर अलकबीर नगर निवासी आरोपी नईम उर्फ टमाटर खान गुलाब नबी खान (32) और विदर्भ हाउसिंग सोसाइटी निवासी नंदलाल उर्फ बंटी दयाप्रसाद जयस्वाल (29) और उनके साथियों ने पैसों के लेनदेन के चलते उसके पुत्र की हत्या करने की शिकायत दर्ज कराई। शहर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की खोज शुरू की।
जिला पुलिस अधीक्षक के विशेष दल ने वारदात को अंजाम देकर फरार हुए दोनों आरोपियों को इंदिरा नगर श्मशानभूमि से धरदबोचा है। पूछताछ में आरोपियों ने गुनाह कबूल कर लिया है। आरोपी नईम उर्फ टमाटर खान और नंदलाल उर्फ बंटी ने 40 हजार रुपए मृतक रितेश उर्फ बल्ली से उधार लिए थे, यह पैसे लौटाने के बावजूद वह पैसों की मांग कर तंग कर रहा था। इसके चलते उसकी हत्या करने की बात आरोपियों ने कबूली है।
जमानत पर था मृतक
जानकारी के अनुसार आरोपी रितेश उर्फ बल्ली कुछ साल पूर्व हुए अजय बंसोड नामक युवक के हत्या में मुख्य आरोपी था। उसे जिला सत्र न्यायालय ने उम्रकैद की सजा सुनाई थी। यह मामला अभी उच्च न्यायालय में प्रलंबित है, जिससे मृतक जमानत पर था। इसी दौरान पैसों के विवाद में उसकी भी हत्या कर दी गई। आगे की जांच एसडीपीओ पीयूष जगताप के मार्गदर्शन में शहर के थानेदार यशवंत बावीस्कर और शहर पुलिस कर रही है।
