संदीप शुक्ला, ब्यूरो चीफ, ग्वालियर (मप्र), NIT:

17.11.2025 पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा दिनांक 01.11.2025 से 30.11.2025 तक चलाए जा रहे जागरूकता हेतु ‘मुस्कान विशेष अभियान’ के अनुक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर तथा अति. पुलिस अधीक्षक (पूर्व) श्रीमती विदिता डागर (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में ग्वालियर जिले में विभिन्न स्तरों पर प्रभावी कार्यवाही एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के तहत आज दिनांक 17.11.2025 को थाना क्षेत्रों के अंतर्गत सार्वजनिक स्थानों एवं छात्रावासों पर छात्र-छात्राओं व आमजन के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

ऑपरेशन मुस्कान के तहत आज दिनांक 17.11.2025 को थाना इंदरगंज से उप निरीक्षक (उनि.) पायल शर्मा द्वारा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शिंदे की छावनी में अवेयरनेस प्रोग्राम का आयोजन किया गया, जिसमें उन्हें मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा वर्तमान में चलाए जा रहे मुस्कान अभियान के अंतर्गत महिलाओं एवं लड़कियों के साथ घटित होने वाले अपराधों के संबंध में जागरूक किया गया।
लड़कियों के नाबालिग होने पर घर से भाग जाने एवं जिन व्यक्तियों द्वारा लड़कियों को भगाकर ले जाया जा रहा है, उनके खिलाफ होने वाली कार्यवाही के बारे में बताया गया। महिलाओं एवं बालिकाओं के प्रति संवेदनशील रहने हेतु बताया गया। सोशल साइट्स पर अनजान व्यक्तियों से बातचीत न करने एवं उनके प्रलोभन में आकर मिलने न जाने एवं अपने फोटो/वीडियो सोशल मीडिया पर किसी अनजान व्यक्ति के साथ शेयर नहीं करने हेतु साइबर क्राइम तथा साइबर फ्रॉड के संबंध में जागरूक किया और उक्त जानकारी को अपने परिजनों व मित्रों को भी साझा करने के लिए बताया गया। साथ ही महिला हेल्पलाइन/चाइल्ड/साइबर/पुलिस हेल्पलाइन नंबर की जानकारी दी गई। उक्त कार्यक्रम में छात्राएं व स्कूल स्टाफ उपस्थित रहा।
‘मुस्कान विशेष अभियान’ के अंतर्गत ग्वालियर जिले के शैक्षणिक संस्थानों व बस्तियों में प्रतिदिन ऐसे ही कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों में खासकर बालिकाओं में आत्म-सुरक्षा की भावना विकसित हो तथा गुमशुदगी एवं लैंगिक अपराधों की घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके। ग्वालियर पुलिस द्वारा इस अभियान के माध्यम से समाज की किशोरियों एवं महिलाओं को सुरक्षा, संवेदनशीलता और आत्मविश्वास का संदेश दिया जा रहा है।
