शमसुद्दोहा, ब्यूरो चीफ, गोरखपुर (यूपी), NIT:
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद अध्यक्ष रुपेश कुमार श्रीवास्तव एवं परिषद मंत्री मदन मुरारी शुक्ल के दिशा निर्देशानुसार परिषद उपाध्यक्ष अनुप कुमार श्रीवास्तव एवं परिषद उपाध्यक्ष रमेश कुमार वर्मा द्वारा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, गोरखपुर में महिला शाखा की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महिला शाखा अध्यक्ष विनीता सिंह ने तथा संचालन परिषद उपाध्यक्ष अनुप कुमार श्रीवास्तव द्वारा किया गया।
बैठक में प्रमुख मुद्दों विशेषकर पुरानी पेंशन बहाली, कर्मचारियों से संबंधित लंबित समस्याओं तथा संगठनात्मक मजबूती पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। उपस्थित सभी सदस्यों ने एक स्वर में यह मत व्यक्त किया कि कर्मचारियों के हितों की रक्षा हेतु आंदोलनात्मक गतिविधियों को और मजबूत किया जाए।
बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि दिनांक 19 नवम्बर 2025 को दोपहर 1:30 बजे औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, गोरखपुर में एक गेट मीटिंग आयोजित की जाएगी, जिसमें जिले के सभी कर्मचारियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपनी एकजुटता प्रदर्शित करने का आग्रह किया जाता है।
महिला शाखा के पदाधिकारियों ने कहा कि पुरानी पेंशन, कैशलेस चिकित्सा व्यवस्था में सुधार, पदोन्नति सहित अन्य लंबित मांगों पर सरकार का ध्यान आकृष्ट कराने हेतु यह गेट मीटिंग महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस अवसर पर परिषद के संरक्षक अशोक पांडेय ,पंडित श्याम नारायण शुक्ला, राजेश कुमार मिश्रा, बंटी श्रीवास्तव, अनिल द्विवेदी, सौरभ श्रीवास्तव, इजहार अली, राजू कुमार सहित तमाम कर्मचारी उपस्थित रहे।
