मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने हनुमत धाम के पास खन्नौत नदी पर निर्माणाधीन रिवर फ्रंट, बरेली मोड़ के चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण, तथा गर्रा नदी से निकली अजीजगंज पंप कैनाल पर 1200 मीटर सीसी लाइनिंग निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पक्का पुल से नए पुल (नदी घाट) तक बनाई जा रही पक्की दीवार, पथ निर्माण तथा हनुमंत धाम परिसर के सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति देखी। मौके पर टो-वॉल का कार्य चलते हुए पाया गया।
अधिशासी अभियंता एवं सहायक अभियंता प्रथम ने बताया कि कार्य की भौतिक प्रगति 40 प्रतिशत हो चुकी है और शेष कार्य आगामी 2–3 महीनों में पूरा कर लिया जाएगा। जिलाधिकारी ने सभी कार्यों को शीघ्रता व गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बरेली मोड़ के चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्य के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने चौड़ीकरण कार्य में बाधा डाल रहे विद्युत पोल, ई-बस स्टैंड और पेड़ों को साइड में शिफ्ट करवाने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि फर्श (फ्लोरिंग) को कलरफुल बनाया जाए। नगर आयुक्त को उन्होंने कार्य तेज गति से और बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए।
गर्रा नदी से निकली अजीजगंज पंप कैनाल पर 1200 मीटर सीसी लाइनिंग निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया कि नहर की चौड़ाई हर स्थान पर एक समान होनी चाहिए और गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त डॉ. विपिन कुमार मिश्र, अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता प्रथम शारदा नहर खंड सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
