संदीप शुक्ला, ब्यूरो चीफ, ग्वालियर (मप्र), NIT:

मध्य भारत शिक्षा समिति द्वारा संचालित पार्वती बाई गोखले विज्ञान महाविद्यालय में विश्व मधुमेह दिवस के उपलक्ष्य में एक व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बाल कल्याण समिति के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. के. के. दीक्षित उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता गणित विभागाध्यक्ष डॉ. कमल कुमार जैन ने की।

महाविद्यालय के प्राचार्य मेजर डॉ. सुनील पाठक भी मंचासीन रहे। मुख्य अतिथि डॉ. के. के. दीक्षित ने अपने उद्बोधन में मधुमेह के कारण, उसके लक्षण तथा उपचार के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की।

उन्होंने बताया कि मधुमेह क्या है और इसके प्रति जागरूक रहना क्यों आवश्यक है। कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. कमल कुमार जैन ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि स्वस्थ जीवनचर्या अपनाकर मधुमेह से बचाव संभव है।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. सुनील पाठक ने कहा कि मधुमेह एक गंभीर बीमारी है, लेकिन जीवनशैली में सुधार करके इससे काफी हद तक बचा जा सकता है। कार्यक्रम का संचालन डॉ. वंदना सेन द्वारा किया गया तथा आभार डॉ. स्वाति पेंडसे ने व्यक्त किया।
