अबरार अली, ब्यूरो चीफ, सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:

दिल्ली में हुई विस्फोट की घटना के दृष्टिगत जनपद सिद्धार्थनगर में सुरक्षा एवं सतर्कता को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन द्वारा कस्बा बर्डपुर में संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु एवं वाहनों की चेकिंग की गई।
अभियान के दौरान आम जनमानस से संवाद स्थापित कर सुरक्षा का एहसास कराया गया तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद, क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान (IPS) सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
इसी क्रम में जनपदीय पुलिस द्वारा जिले के सभी सर्किलों एवं थाना क्षेत्रों में संभावित संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखते हुए रेलवे स्टेशन, बस अड्डा, होटल, धर्मशाला, बाजार एवं अन्य भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
जनपद पुलिस की टीमें संदिग्ध व्यक्तियों, वस्तुओं एवं वाहनों की गहन तलाशी कर रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरों की निगरानी भी बढ़ाई गई है।
जनता से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तत्काल अपने निकटतम पुलिस थाने या डायल 112 पर दें। अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें।
