रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:

झाबुआ जिले के थांदला विकासखंड की बड़ी धामनी में ऑपरेशन मुस्कान विशेष अभियान के तहत उदय संस्था बड़ी धामनी एवं झाबुआ पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत ग्वाल रुंडी पंचायत के दो प्राथमिक विद्यालय, ग्राम सुजापुरा प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय, तथा ग्राम बोरडी माध्यमिक विद्यालय — कुल पाँच विद्यालयों में लगभग 515 छात्र-छात्राएँ एवं स्टाफ सदस्य, साथ ही छोटी धामनी के गाल फलिये में 135 महिला, पुरुष एवं बच्चे तथा बड़ी धामनी के बाल समूह के 50 बच्चे, इस प्रकार कुल 700 प्रतिभागियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में ग्राम रक्षा सखी श्रीमती अनीता तोमर, आरक्षक नेहा गणावा, सुजापुरा सरपंच श्रीमती गीता सोहन डामोर, डायरेक्टर एवं समन्वयक खालेदा सैय्यद, प्रधान पाठक किशोर बिलवाल, रमिला भीमवत, अजीत भाबर, शिक्षकगण रुखमनी राजपूत, वर्षा सावले, गब्बू वासुनिया, विद्या भूरिया और कविता बरिया उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत एवं परिचय से किया गया। ग्राम रक्षा सखी अनीता तोमर ने बच्चों को ऑपरेशन मुस्कान विशेष अभियान के तहत सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श, स्वयं की सुरक्षा, बाल विवाह की रोकथाम तथा आवश्यकता पड़ने पर पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 का उपयोग करने एवं पुलिस को अपना मित्र समझने के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

आरक्षक नेहा गणावा ने बच्चों को साइबर अपराध से बचाव, मोबाइल के सावधानीपूर्वक उपयोग, फेसबुक या इंस्टाग्राम पर अनजान व्यक्ति की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करने और अज्ञात लिंक पर क्लिक न करने जैसी महत्वपूर्ण बातों से अवगत कराया।
उन्होंने यह भी बताया कि बालिकाएँ किसी अनजान व्यक्ति के बहकावे में न आएँ। खालेदा सैय्यद, रुखमनी राजपूत और वर्षा सावले ने बच्चों को बाल अधिकार, सुरक्षा, शिक्षा के महत्व तथा बाल विवाह की रोकथाम पर जानकारी दी और बच्चों से प्रश्नोत्तर सत्र भी रखा।
गब्बू वासुनिया ने मोबाइल के दुष्प्रभावों पर चर्चा करते हुए बच्चों का मूल्यांकन किया। प्रधान पाठक एवं शिक्षकों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समय-समय पर होते रहना चाहिए ताकि बच्चों में जागरूकता बढ़े। अंत में स्कूल स्टाफ द्वारा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।
