रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:
झाबुआ जिले के प्रमुख रेलवे स्टेशन मेघनगर पर पैसेंजर रेलगाड़ियों के ठहराव को लेकर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती गीता चौहान एवं युवा भाजपा नेता सोनू (रामपाल) चौहान ने डीआरएम रेल मंडल रतलाम से विस्तारपूर्वक चर्चा की।
युवा नेता सोनू रामपाल ने डीआरएम को अवगत कराया कि मेघनगर रेलवे स्टेशन को अमृत भारत योजना में शामिल किया गया है। यह स्टेशन औद्योगिक क्षेत्र से जुड़ा हुआ है, जहाँ रेक लोडिंग-अनलोडिंग, नए प्लेटफॉर्म की सुविधा और खाद्य भंडारण केंद्र जैसी व्यवस्थाएँ हैं। यह मध्य प्रदेश के अंतिम छोर का प्रमुख स्टेशन है, जहाँ थांदला, झाबुआ, आलीराजपुर, धार जैसे क्षेत्रों के यात्री बड़ी संख्या में आते हैं।
उन्होंने बताया कि बढ़ते व्यापारिक बाजार और जनसंख्या वृद्धि को देखते हुए ट्रेनों का ठहराव अब आवश्यक हो गया है। पिछले 10 वर्षों में जयपुर–बांद्रा सुपरफास्ट एक्सप्रेस के बाद किसी भी नई ट्रेन का ठहराव मेघनगर में नहीं दिया गया है।
वर्तमान में सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे के बीच रतलाम दिशा में जाने वाली किसी भी ट्रेन की सुविधा यात्रियों को नहीं मिलती। इस वजह से उन्होंने 19489 गोरखपुर–बांद्रा सुपरफास्ट ट्रेन, जो दोपहर लगभग 2 बजे मेघनगर पहुँचती है, के ठहराव की मांग की है। यह ट्रेन भोपाल, विदिशा, सागर, कटनी, प्रयागराज और बनारस होते हुए गोरखपुर पहुँचती है। इस ठहराव से भोपाल व उत्तर प्रदेश के यात्रियों को यात्रा में विशेष सुविधा मिलेगी।
इसके अलावा, उन्होंने ट्रेन संख्या 22901 बांद्रा–उदयपुर सुपरफास्ट, जो सुबह 7 बजे रतलाम की ओर निकलती है, के ठहराव की भी मांग की। यह ट्रेन राजस्थान के चित्तौड़गढ़, अजमेर और उदयपुर जिलों के यात्रियों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगी।
इसी प्रकार, गोरखपुर–अहमदाबाद एक्सप्रेस जो भोपाल से शाम 6 बजे निकलकर रात 11 बजे मेघनगर पहुँचती है, उसके ठहराव की भी मांग रखी गई। इससे राजधानी भोपाल से जिले का सफर मात्र 5 घंटे का रह जाएगा।
युवा भाजपा नेता सोनू रामपाल ने क्षेत्रवासियों की ओर से यह विषय प्रमुखता से रेल विभाग के अधिकारियों के समक्ष रखा। रतलाम रेल अधिकारियों ने इस विषय को उच्च स्तर पर भेजने की बात कही है। जल्द संज्ञान मिलने पर दोनों ट्रेनों के ठहराव की पूर्ण संभावना जताई जा रही है।
