संदीप शुक्ला, ब्यूरो चीफ, ग्वालियर (मप्र), NIT:
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशानुसार, ग्वालियर पुलिस द्वारा विभिन्न आपराधिक प्रकरणों में फरार एवं इनामी आरोपियों के विरुद्ध जिले में प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में आज दिनांक 08.11.2025 को क्राइम ब्रांच ग्वालियर को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि थाना झांसी रोड के अपराध क्रमांक 464/2019, धारा 306, 34 भा.दं.वि. में वांछित एवं ₹3,000 इनामी आरोपी पुरानी छावनी स्थित पंजाबीपुरा के पास देखा गया है।
सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पश्चिम/अपराध) श्रीमती सुमन गुर्जर द्वारा क्राइम ब्रांच की टीम को कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार डीएसपी (अपराध) श्री नागेंद्र सिंह सिकरवार के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी क्राइम ब्रांच निरीक्षक अमित शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम मुखबिर के बताए स्थान पर रवाना हुई। पुलिस टीम ने मुखबिर के बताए हुलिए से मेल खाते एक संदिग्ध व्यक्ति को पंजाबीपुरा, पुरानी छावनी के पास से पकड़ा।
पूछताछ में संदिग्ध ने अपना नाम राजू उर्फ दीपक धानुक पुत्र रामहेत धानुक (आयु 22 वर्ष), निवासी मामचौन थाना पहाड़गढ़, तहसील कैलारस, जिला मुरैना बताया। गहन पूछताछ में उसने थाना झांसी रोड के उक्त अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी को अभिरक्षा में लेकर अग्रिम कार्रवाई हेतु थाना झांसी रोड पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पकड़ा गया आरोपी वर्ष 2019 से फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक ग्वालियर द्वारा ₹3,000 का इनाम घोषित किया गया था।
सराहनीय भूमिका:
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी क्राइम ब्रांच निरीक्षक अमित शर्मा, उनि. आशीष शर्मा (थाना झांसी रोड), उनि. दिनेश सिंह तोमर, प्र.आर. संजय शुक्ला, आर. अरविंद शर्मा, रंजीत शर्मा, सर्वजीत सेंगर, अजय राठौड़ एवं शिवकुमार यादव की उल्लेखनीय भूमिका रही।
