हनीफ खान, ब्यूरो चीफ, मिर्जापुर (यूपी), NIT:
मिर्जापुर की सांसद एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल की पहल पर जनपद को एक और बड़ी सौगात मिली है। अब मिर्जापुर जनपद वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन से जुड़ गया है। वाराणसी से चलकर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन जब विंध्याचल रेलवे स्टेशन पहुंची, तो कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल, सदर विधायक रत्नाकर मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। विंध्याचल स्टेशन पर ट्रेन के ठहराव (स्टॉपेज) के अवसर पर कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को आगे रवाना किया।
पत्रकारों से बातचीत में कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने कहा :
“मिर्जापुर के विंध्याचल धाम में वंदे भारत एक्सप्रेस का आगमन जनपद के लिए ऐतिहासिक क्षण है। यह मिर्जापुर और विंध्याचल के विकास की एक नई इबारत लिखेगा।”
उन्होंने बताया कि जल्द ही एक और वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन मिर्जापुर-विंध्याचल के लिए शुरू किए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल, सदर विधायक रत्नाकर मिश्रा और अन्य जनप्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयास से यह संभव हुआ है। काशी, विंध्याचल, चित्रकूट और खजुराहो जैसे प्रमुख तीर्थ एवं पर्यटन स्थलों के बीच अब बेहतर कनेक्टिविटी स्थापित होगी। वंदे भारत एक्सप्रेस से इन पिछड़े क्षेत्रों के आर्थिक और सांस्कृतिक विकास को भी गति मिलेगी।
