छिंदवाड़ा में अवैध हथियारों की तस्करी का भंडाफोड़: दो आरोपी पिस्टल और कारतूस के साथ गिरफ्तार | New India Times

आसिम खान, ब्यूरो चीफ, छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा, अजय पाण्डे, एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के मार्गदर्शन में, नगर पुलिस अधीक्षक अजय राणा के निर्देश पर थाना प्रभारी देहात, निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत ने एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया। छिंदवाड़ा शहर में बढ़ रही अवैध हथियारों की तस्करी को रोकने के लिए चलाए गए विशेष अभियान के तहत, देहात पुलिस ने अपने मुखबिर तंत्र की मदद से अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त के एक और मामले को सुलझाने में सफलता प्राप्त की है।

शुक्रवार सुबह, थाना प्रभारी देहात एवं उनके स्टाफ को सूचना मिली कि मोहननगर का रहने वाला प्रिंस उर्फ विकास पिता स्व. बलराम बाधवानी मोहरली रोड के पास अपने पास रखी पिस्टल और कारतूस बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही, देहात पुलिस ने तत्काल दबिश दी और प्रिंस उर्फ विकास बाधवानी को पकड़ लिया। उसके कब्जे से एक देशी पिस्टल और एक जिंदा राउंड (कारतूस) जब्त किया गया।

दूसरे आरोपी का खुलासा
पूछताछ में, आरोपी प्रिंस उर्फ विकास ने बताया कि ताज नगर के रहने वाले दानिश अली ने कुछ महीने पहले ₹30,000 में यह देशी पिस्टल और एक राउंड उसे दिया था। प्रिंस की जानकारी के आधार पर, पुलिस ने दानिश अली को भी गिरफ्तार किया।

दानिश अली ने पूछताछ में बताया कि उसने यह देशी पिस्टल और दो राउंड चिल्हा बाबा के दरगाह के पास किसी व्यापारी से खरीदे थे, और उसी समय उसने कुलबेहरा नदी के पास पिस्टल से एक राउंड फायर भी किया था।

कानूनी कार्रवाई
देहात पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरूद्ध अपराध क्रमांक 512/25 के तहत धारा 25 (1-क), 27 आर्म्स एक्ट का मामला पंजीबद्ध कर लिया है और आगे की विवेचना शुरू कर दी है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article

Exit mobile version