मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
EPIC की विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR – Special Intensive Revision) प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है, जिसके तहत सभी मतदाताओं को अपना परिगणना फॉर्म भरकर बीएलओ (BLO) के पास जमा करवाना होगा। फॉर्म जमा नहीं करवाने पर आपका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं किया जाएगा।
अतिरिक्त ज़िला निर्वाचन अधिकारी एवं नगर निगम आयुक्त बुरहानपुर श्री संदीप श्रीवास्तव तथा सहायक आयुक्त श्री रितेश पाटीदार ने गुरुवार को शहर के विभिन्न वार्डों में डोर-टू-डोर सर्वे कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने वार्ड क्रमांक 40 (गुरुनानक वार्ड), 41 (इंदिरा कॉलोनी) और 42 (रुईकर वार्ड) का दौरा किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्य में लगे कर्मचारियों से जानकारी ली और नागरिकों को SIR विशेष गहन पुनरीक्षण की जानकारी दी। साथ ही लोगों से अपील की कि वे निर्धारित समय पर अपने परिगणना फॉर्म भरकर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) को जमा करें।
SIR (Special Intensive Revision) के तहत सभी पात्र मतदाताओं को BLO द्वारा परिगणना फॉर्म उपलब्ध कराया जाएगा, जिसे निश्चित समय सीमा में भरकर वापस करना अनिवार्य है।
फॉर्म के साथ आपको 11 दस्तावेजों की सूची में से कोई एक मान्य दस्तावेज संलग्न करना होगा। अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने परिवार और आस-पड़ोस के लोगों तक इस जानकारी को पहुँचाएँ तथा उन्हें भी दस्तावेज तैयार करने के लिए प्रेरित करें, ताकि पारदर्शी मतदाता सूचियों का निर्माण हो सके।
आपका वोट आपका अधिकार है — जागरूक मतदाता बनें और समय पर अपना परिगणना फॉर्म भरकर BLO को जमा करें।
