मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
पुलिस मुख्यालय (PHQ) भोपाल के आदेशानुसार पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अंतर सिंह कनेश एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री गौरव पाटिल के मार्गदर्शन में पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए हार्टफुलनेस ध्यान सत्र शिविर का आयोजन किया गया।
जिला बुरहानपुर में दिनांक 06 नवम्बर 2025 को यह ध्यान शिविर थाना कोतवाली परिसर में आयोजित किया गया। इस सत्र का उद्देश्य पुलिस कर्मियों के स्वास्थ्य और तनावमुक्त जीवन को प्रोत्साहित करना, कार्य और पारिवारिक जीवन में संतुलन बनाए रखना, साथ ही एकाग्रता एवं कार्यकुशलता में वृद्धि करना था।
ध्यान सत्र का संचालन प्रशिक्षक सूबेदार श्री नागेंद्र सिंह ठाकुर द्वारा किया गया। इस दौरान थाना कोतवाली पुलिस स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सत्र का भरपूर लाभ उठाया।
