अबरार अली, ब्यूरो चीफ, सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:

जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन की उपस्थिति में तहसील इटवा में सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजस्व, विकास, शिक्षा, पूर्ति सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की गई। राजस्व मामलों की सुनवाई जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन एवं उपजिलाधिकारी कुणाल द्वारा की गई, जबकि पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने की।
जिलाधिकारी ने पिछले समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों की प्रगति रिपोर्ट (आख्या) का अवलोकन किया और आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने तत्काल जिला स्तरीय टीम बनाकर मौके पर जांच कराने के आदेश दिए। साथ ही निर्देश दिया कि भूमि से संबंधित विवादों का निस्तारण मौके पर जाकर निरीक्षण के बाद किया जाए।
उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों एवं आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतकर्ता और विपक्षी दोनों की उपस्थिति में जांच की कार्यवाही की जाए।
जिलाधिकारी ने कानूनगो एवं लेखपालों को निर्देश दिया कि भूमि संपत्ति रजिस्टर और भूमि विवाद रजिस्टर अनिवार्य रूप से तैयार रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि तहसील दिवस के किसी भी विभागीय प्रकरण को लंबित नहीं रहने दिया जाएगा। यदि किसी विभाग का प्रकरण लंबित पाया गया तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि लेखपाल एवं कानूनगो मौके पर जाकर शिकायतों का निरीक्षण करें और उसी के आधार पर अपनी आख्या प्रस्तुत करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि तहसील दिवस में प्राप्त सभी शिकायतों का गंभीरता से, मौके पर जाकर निस्तारण कराया जाए।
कार्यक्रम के दौरान कुल 46 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें राजस्व विभाग से 19, पुलिस विभाग से 05, विकास विभाग से 04, विद्युत विभाग से 03, कृषि विभाग से 02, नगर पंचायत से 05 तथा अन्य विभागों से 08 प्रार्थना पत्र शामिल थे। इनमें से राजस्व विभाग के 05 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। शेष शिकायतों का तीन दिवस के भीतर शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं उपजिलाधिकारी के साथ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजत कुमार चौरसिया, जिला पंचायत राज अधिकारी वाचस्पति झा, जिला पूर्ति अधिकारी देवेन्द्र प्रताप सिंह, उप कृषि निदेशक राजेश कुमार, जिला कृषि अधिकारी मु. मुजम्मिल, जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी महिपाल सिंह, तहसीलदार इटवा, तहसील क्षेत्र के अंतर्गत सभी थानाध्यक्ष, खंड विकास अधिकारी, सीडीपीओ तथा अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
