मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
दिनांक 31 अक्टूबर 2025 को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर “रन फॉर यूनिटी” कार्यक्रम का आयोजन जिला एवं थाना स्तर पर किया गया।
पुलिस मुख्यालय, भोपाल के आदेशानुसार तथा पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में राष्ट्रीय एकता दिवस शपथ कार्यक्रम एवं रन फॉर यूनिटी एकता दौड़ का सफल आयोजन हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ खंडवा लोकसभा सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटिल, कलेक्टर श्री हर्ष सिंह और पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। यह दौड़ सिंधी बस्ती चौराहे से प्रारंभ होकर लालबाग सागर टॉवर पर संपन्न हुई।
इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों, स्कूली विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों, ग्राम एवं नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों तथा पुलिस बल ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पुरुष एवं महिला वर्ग में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को याद करते हुए सभी उपस्थित जनों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति के प्रति संकल्प लिया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अंतरसिंह कनेश, एडीएम श्री वीरसिंह चौहान, एसडीएम श्री अजमेर सिंह गौड़, नगर पुलिस अधीक्षक श्री गौरव पाटिल, डीएसपी महिला शाखा श्री प्रीतम सिंह ठाकुर, थाना प्रभारी कोतवाली, शिकारपुरा, गणपति नाका, लालबाग, यातायात सहित अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, नगर सुरक्षा समिति सदस्य, शिक्षक स्टाफ और बच्चे उपस्थित रहे। सभी ने अत्यंत उत्साह एवं एकजुटता के साथ कार्यक्रम में भागीदारी की।
